विधायक रामकुमार गौतम ने 14 पेयजल टैंकर किए ग्राम पंचायतों को समर्पित, बार एसोसिएशन में नई लिफ्ट का किया लोकार्पण
सफीदों, 4 अगस्त सफीदों विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार गौतम ने मंगलवार को जनहित और विकास कार्यों को नई गति देते हुए ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा अधिवक्ताओं की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में दो महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने गांव रामपुरा स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगभग 25 लाख रुपये की लागत से तैयार 14 पेयजल टैंकरों को 13 ग्राम पंचायतों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने बार एसोसिएशन, सफीदों में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित नई लिफ्ट का लोकार्पण किया।
रामपुरा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि क्षेत्र के विकास, ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार तथा जनकल्याण से जुड़े कार्य भविष्य में भी इसी गति से जारी रहेंगे, ताकि सफीदों विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर सके। उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता की बेहतर व्यवस्था प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन पेयजल टैंकरों से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर गांवों में पेयजल आपूर्ति अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सकेगी कार्यक्रम के दौरान धड़ौली, गंगोली, हाट, बनिया खेड़ा, सिवानामाल, ढाढरथ, भंभेवा, लुदाना, भाग खेड़ा, मालसरी खेड़ा, एंचरा कलां, एंचरा खुर्द तथा सरफाबाद ग्राम पंचायतों को कुल 14 पेयजल टैंकर सौंपे गए। इनमें गंगोली ग्राम पंचायत को दो तथा शेष प्रत्येक पंचायत को एक-एक टैंकर प्रदान किया गया। विधायक ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार ही क्षेत्र के समग्र विकास का आधार है और भविष्य में भी ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। इस मौके पर विधायक राम कुमार गौतम ने गांव में पर्यावरण का संदेश देते हुए पौधा रोपण भी किया।
इसके उपरांत विधायक रामकुमार गौतम बार एसोसिएशन, सफीदों पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित नई लिफ्ट का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एवं अतिरिक्त महाधिवक्ता एडवोकेट रजत गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। अपने संबोधन में विधायक रामकुमार गौतम ने पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव के दौरान सफीदों के अधिवक्ताओं द्वारा दिए गए सहयोग एवं समर्थन के लिए सभी अधिवक्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था की मजबूत कड़ी है और उनकी सुविधाओं का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विधायक को विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित मांग-पत्र सौंपा। मांग-पत्र में बार लाइब्रेरी एवं भवन के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 26 लाख रुपये उपलब्ध कराने की प्रमुख मांग रखी गई। विधायक रामकुमार गौतम ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
Safidon, Jind | Aug 5, 2026