दिवंगत पत्रकार विक्रम के परिवार को हरियाणा पत्रकार संघ ने सौंपी 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
सफीदों, 4 अगस्त। हरियाणा पत्रकार संघ के बैनर तले मंगलवार को सफीदों में दिवंगत पत्रकार विक्रम की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं सहायता समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत पत्रकार के परिवार को 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम उपस्थित रहे। उनके अलावा मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष के.बी. पंडित, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। दिवंगत पत्रकार विक्रम की धर्मपत्नी का उपचार कर रहे ओम् आयुर्वेदा के आचार्य विकास मलिक भी विशेष रूप से कार्यक्रम में पहुंचे। इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने पर पत्रकारों ने उनका आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और जनता की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके परिवारों की सहायता के लिए सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी केवल पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम का राजनीतिक उपयोग कर रहे हैं तथा उनका नेहरू की नीतियों से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं सीजेपी (CJP) प्रोटेस्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ देश विरोधी ताकतें देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार को कमजोर करने के उद्देश्य से कुछ देश विरोधी तत्व दिल्ली में एकत्र हुए और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे।
हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष के.बी. पंडित ने अपने संबोधन में बताया कि संगठन अब तक हरियाणा के पत्रकारों और उनके परिवारों को 2 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा चुका है। उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रकार परिवार पर संकट आने पर संगठन तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करता है।
उन्होंने राज्य सरकार के समक्ष पत्रकार हित में कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें पत्रकारों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करना, पत्रकार पेंशन को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह करना, डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को भी एक्रीडेशन प्रदान करना तथा पेंशन के लिए पांच वर्ष के एक्रीडेशन की अनिवार्यता समाप्त करना प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में हरियाणा पत्रकार संघ की ओर से दिवंगत पत्रकार विक्रम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया।
इस अवसर पर हरियाणा पत्रकार संघ, जींद के जिला प्रधान विजेंद्र कुमार ने सफीदों इकाई के प्रधान विकास रोहिल्ला एवं उनकी पूरी टीम का कार्यक्रम के सफल आयोजन में निभाई गई सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीमित समय में जिस समर्पण, एकजुटता और जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, वह अत्यंत प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पत्रकार संघ आगे भी जिले के सभी पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। किसी भी पत्रकार या उसके परिवार पर संकट की घड़ी आने पर संगठन हमेशा मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा।
Safidon, Jind | Aug 4, 2026