#भरतपुर। जिले में नवरात्रि, आगामी त्योहारों और पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने बताया कि कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए जिलेभर में पुलिस अधिकारियों व जवानों द्वारा लगातार पैदल गश्त और सघन नाकाबंदी की जा रही है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देकर सहयोग करें।