मुजफ्फरपुर में दुर्गा पूजा की तैयारी तेज! DM कुमार गौरव और SSP ने पूजा पंडालों, ट्रैफिक रूट व विसर्जन घाटों का किया निरीक्षण
मुजफ्फरपुर में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों, ट्रैफिक रूट और प्रतिमा विसर्जन के लिए बनाए गए कृत्रिम घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रामदयालुनगर, सरैयागंज टावर और पंकज मार्केट सहित विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
**प्रतिमा विसर्जन के लिए बनाए गए कृत्रिम घाट**
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए शहर में कई कृत्रिम घाट तैयार किए गए हैं। इनमें रामदयालु सिंह महाविद्यालय के पीछे, चंदवारा स्थित जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के पास और लकड़ी ढाई क्षेत्र के घाट शामिल हैं। निर्धारित घाटों पर संबंधित क्षेत्रों की प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा।
प्रशासन ने पूजा समितियों से समन्वय बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं, श्रद्धालुओं से भी निर्धारित कृत्रिम घाटों का ही उपयोग करने का आग्रह किया गया है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा, सुगम यातायात और शांति व्यवस्था बनी रहे।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #DurgaPuja2026 #KumarGaurav #BiharNews