खुशियों की बारात मातम में बदली, हादसे में सैनिक की मौत, 8 घायल
कमालगंज ब्लॉक के देवरान गढ़िया गांव में पसरा मातम, छुट्टी पर आए जवान को मंगलवार को जाना था वापस ड्यूटी पर
कमालगंज संवाददाता।
कमालगंज थाना क्षेत्र के देवरान गढ़िया गांव से सोमवार को बड़ी धूमधाम से हरदोई जिले के हसनापुर के लिए रवाना हुई एक बारात रास्ते में ही मातम में बदल गई। इटावा-बरेली हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में गांव के होनहार सैनिक विश्वनाथ की मौत हो गई, जबकि दूल्हे के भाई समेत 8 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां पलभर में चीख-पुकार में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, देवरान गढ़िया गांव निवासी प्रदीप पाल की बारात सोमवार को हरदोई जिले के हसनापुर जा रही थी। बारात की एक एक्सयूवी कार में दूल्हे के सैनिक भाई रितिक समेत कुल नौ लोग सवार थे। कार को सत्येंद्र चला रहा था।
रात करीब आठ बजे जैसे ही कार राजेपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गढ़िया गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक पिकअप से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने अपनी दो गाड़ियों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने सैनिक विश्वनाथ को मृत घोषित कर दिया।
एक महीने की छुट्टी पर आए थे विश्वनाथ
बताया गया कि मृतक विश्वनाथ सेना में नौकरी करते थे और उनकी तैनाती हिमाचल प्रदेश में थी। चचेरे भाई के मुताबिक, विश्वनाथ एक महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे। मंगलवार को उन्हें वापस हिमाचल जाना था, लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। विश्वनाथ दो भाइयों में बड़े थे। उनकी एक बेटी है। उनकी मौत से पत्नी पूजा समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है।
हादसे में देवरान गढ़िया गांव निवासी 22 वर्षीय सोनू, 30 वर्षीय सत्येंद्र, 26 वर्षीय रितिक, 20 वर्षीय हनी, 19 वर्षीय शिवा पाल, 28 वर्षीय सनी पाल, 28 वर्षीय बृजेश और कोमल के अलावा औरैया जिले के बिधूना निवासी 25 वर्षीय हृदेश घायल हुए हैं। लोहिया अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सत्येंद्र, हृदेश, कोमल और हनी को रेफर कर दिया।
बारातियों के घायल होने की सूचना पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर भी लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि घायलों को कन्नौज के तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर करने के बजाय किसी हायर सेंटर भेजा जाए।