पटाखे के धमाके ने बुझाया घर का चिराग, आठ वर्षीय सम्राट की दर्दनाक मौत
स्टील के बर्तन में पटाखा फोड़ना पड़ा भारी, विस्फोट से उछला टुकड़ा बालक की गर्दन में घुसा; मां की चीख-पुकार से दहला मोहल्ला
कंपिल, फर्रुखाबाद। दीपावली के बाद भी पटाखों के खतरनाक इस्तेमाल का सिलसिला थम नहीं रहा है। कंपिल नगर के मोहल्ला पट्टी मदारी में सोमवार सुबह बच्चों के साथ खेल रहे आठ वर्षीय बालक की पटाखे के विस्फोट में दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि किसी बच्चे ने स्टील के बर्तन के अंदर पटाखा रखकर जला दिया। तेज धमाके के साथ बर्तन का एक टुकड़ा उछलकर बालक की गर्दन में जा घुसा। गंभीर रूप से घायल बालक कुछ दूर तक भागा और फिर लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा। घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला पट्टी मदारी निवासी अजय कठेरिया का आठ वर्षीय पुत्र सम्राट सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान किसी बच्चे ने स्टील के बर्तन के अंदर पटाखा रखकर जला दिया। पटाखे में विस्फोट होते ही स्टील का टुकड़ा उछलकर सम्राट की गर्दन में जा लगा। अचानक हुए हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बालक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन आनन-फानन में घायल सम्राट को निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सक ने हालत गंभीर देखते हुए उसे फर्रुखाबाद ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन बालक को फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आठ वर्षीय बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां काजल का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बेटे को कुछ देर पहले घर के बाहर खेलता देख रही थी, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। परिजन बालक का शव लेकर घर लौट गए।
बताया गया कि सम्राट तीन भाई-बहनों में देव और गोल्डी के बीच दूसरे नंबर का था। मासूम की असमय मौत से परिवार ही नहीं, पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
पटाखों के इस्तेमाल में लापरवाही बनी हादसे की वजह
स्टील के बर्तन के अंदर पटाखा जलाने की घटना ने एक बार फिर बच्चों के बीच पटाखों के खतरनाक इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि घटना की मौखिक सूचना मिली है।
#Kampil #Farrukhabad #FarrukhabadNews #BreakingNews #पटाखा_हादसा #सम्राट #मासूम_की_मौत #दीपावली #पटाखों_से_सावधान #UPPolice #youthindianewsgroup