चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से लगातार बारिश, खेतों में गिरी धान की फसल जनजीवन अस्त-व्यस्त,
वाराणसी में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। वही सेवापुरी विकास खंड के बहरा, भटौली, हरिहरपुर, बरेमा, जगापट्टी, मनियारीपुर और हाथी बाजार सहित आसपास के गांवों में बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल भीगने के साथ कई जगह गिर गई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट मंडराने लगा है और पशुपालकों के सामने चारे की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है।
धान की फसल पकने के कगार पर है। ऐसे समय में लगातार बारिश होने से कटाई, मड़ाई और अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। खेतों में पानी भरने और फसल गिरने से किसानों को उत्पादन में कमी तथा धान की गुणवत्ता खराब होने की आशंका सता रही है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
दूसरी ओर, बारिश के कारण खेतों और अन्य स्थानों पर मजदूरी करने वाले दिहाड़ी श्रमिकों का कामकाज ठप हो गया है। इससे उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करने की समस्या उत्पन्न होने लगी है। रोज कमाकर खाने वाले मजदूरों की आमदनी प्रभावित होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पशुपालकों को भी पशुओं के लिए हरा चारा काटने और उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। लगातार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां प्रभावित हैं। किसान और मजदूर मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि खेती-किसानी और रोजमर्रा के कामकाज दोबारा शुरू हो सकें।
#letestअपडेट #LetestUpdate #UPNews #LETESTNEWS 👇👇