प्रयागराज: कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा का एक और वीडियो वायरल, अधिवक्ताओं ने लगाया गंभीर आरोप
प्रयागराज। प्रयागराज के कर्नलगंज थाना प्रभारी (इस्पेक्टर) ज्ञानेश्वर मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक और नया वीडियो सामने आया है, जिसमें पीड़ित लड़की को न्याय न मिलने को लेकर अधिवक्ताओं और इंस्पेक्टर के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक पीड़ित लड़की के मामले में पैरवी करने पहुंचे अधिवक्ताओं ने थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि पुलिस पीड़ित लड़की की शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई करने और न्याय दिलाने में आनाकानी कर रही है।
थाने के भीतर हुई तीखी नोकझोंक
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अधिवक्ताओं और कर्नलगंज थाना प्रभारी के बीच किसी बात को लेकर बहस चल रही है। पीड़ित को न्याय न मिलने के मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच काफी तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।
मामले ने पकड़ा तूल
कर्नलगंज थाना प्रभारी का यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। अधिवक्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने की बात सामने आ रही है।
Hardoi, Hardoi | Sep 20, 2026