लामबगड़ के पास ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुई बस, 25 यात्री सुरक्षित
चमोली। बद्रीनाथ धाम से 25 यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही बस संख्या UK-14-PA-023 लामबगड़ के पास अचानक तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित हो गई। बताया गया कि बस के ब्रेक फेल होने और स्टेयरिंग लॉक होने के कारण बस गलत दिशा में मुड़ गई और सड़क किनारे लगे पत्थर से जा टकराई। घटना की सूचना मिलते ही थाना गोविंदघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
घटना के बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बस को सुरक्षित स्थान पर हटवाया। इसके बाद यात्रियों के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई और सभी 25 यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य हरिद्वार के लिए रवाना किया गया। समय पर पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से बड़ा हादसा टल गया।
Champawat, Champawat | Sep 10, 2026