#पुरानी_रंजिश_को_लेकर_झड़प..
भरतपुर। डीग कोतवाली थाना क्षेत्र के इकलेरा गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां वासुदेव और केहरी गुर्जर पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच हुई इस झड़प के दौरान एक थार गाड़ी के साथ तोड़फोड़ और वासुदेव पक्ष द्वारा केहरी पक्ष पर कथित तौर पर घर पर चढ़ाई कर फायरिंग करने के आरोप भी लगे हैं। इस हिंसा में रामहारि (35) नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत डीग के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव में उपजे भारी तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर क्यूआरटी और डीएसटी की टीमों को तैनात किया गया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही अधिकांश आरोपी मौके से फरार हो चुके थे, जिनकी तलाश में पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने मौके से एक थार गाड़ी को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।