*बस्ती: एंटी रोमियो प्रभारी शाइस्ता की अगुवाई में बड़ौचा में बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं की सुनीं समस्याएं*
*बस्ती, 04 अक्टूबर 2026।* पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत शनिवार को थाना कोतवाली के सांऊघाट ब्लॉक के ग्राम बड़ौचा में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई एंटी रोमियो/मिशन शक्ति प्रभारी *शाइस्ता* ने की।
*घरेलू हिंसा और दहेज हत्या रोकना है लक्ष्य*
प्रभारी शाइस्ता ने कहा कि इस तरह के सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं द्वारा घरेलू हिंसा से प्रताड़ित होकर आत्महत्या और दहेज हत्या जैसी घटनाओं में कमी लाना है। अक्सर महिलाएं लोक-लाज के डर से घरेलू हिंसा को सहती रहती हैं, जो बाद में बड़ी घटना का रूप ले लेती है। बस्ती पुलिस चाहती है कि कोई भी महिला हिंसा न सहे, समय रहते पुलिस को सूचना दे ताकि उसकी जान बचाई जा सके और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।
*गुड टच-बैड टच और हेल्पलाइन की जानकारी*
सम्मेलन में बालिकाओं को गुड टच और बैड टच का फर्क समझाया गया। शाइस्ता ने कहा बैड टच महसूस होने पर तुरंत चिल्लाओ, भागो और 1090 या 112 पर कॉल करो। साथ ही साइबर अपराध, आत्मरक्षा और महिला कानूनों के बारे में बताया गया। महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, 181, 1098, 1076, 112, 1930 नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।
*सुनी गई महिलाओं की समस्याएं, दिए सुझाव*
बहू-बेटी सम्मेलन के दौरान प्रभारी शाइस्ता और उनकी टीम ने मौजूद महिलाओं से उनकी व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। कई महिलाओं ने घरेलू कलह और छेड़छाड़ की शिकायतें बताईं। इस पर टीम ने उन्हें कानूनी सुझाव दिए और भरोसा दिलाया कि उनकी हर शिकायत पर गोपनीय तरीके से तुरंत कार्रवाई होगी और उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 4, 2026