पलवल: *'सेवा संकल्प अभियान' के तहत निपुण हरियाणा मिशन में प्राथमिक अध्यापकों का प्रशिक्षण शुरू*
*- अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ*
*- जिला के 1532 प्राथमिक अध्यापकों को दिया जाएगा नवाचार एवं एफएलएन आधारित प्रशिक्षण*
*- अध्यापकों की क्षमता निर्माण एवं उन्हें नवीन शिक्षण विधियों से प्रशिक्षित करना अत्यंत महत्वपूर्ण : अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनन्द*
*पलवल, 5 अक्टूबर।*
सेवा संकल्प अभियान के तहत निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत जिला के प्राथमिक अध्यापकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज शुभारंभ हुआ। खण्ड पलवल में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पलवल कैम्प में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। जिला के तीन खण्डों पलवल, हथीन एवं हसनपुर में सोमवार से प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है, जबकि खण्ड होडल में प्रशिक्षण 6 अक्टूबर से शुरू होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने कहा कि निपुण हरियाणा मिशन का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को प्राथमिक स्तर पर आवश्यक मूलभूत दक्षताएं प्राप्त करवाना है। इसके लिए अध्यापकों की क्षमता निर्माण एवं उन्हें नवीन शिक्षण विधियों से प्रशिक्षित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के माध्यम से अध्यापक नई तकनीकों एवं नवाचारों को कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू कर सकेंगे, जिससे विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार लाया जा सकेगा।
जिला पलवल में निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत कुल 1532 प्राथमिक अध्यापकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। प्रशिक्षण के प्रथम दिन खण्ड पलवल में 160, खण्ड हथीन में 85 तथा खण्ड हसनपुर में 40 प्राथमिक अध्यापकों का प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर विद्यार्थियों के मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करना तथा अध्यापकों को शिक्षण-अधिगम की नवीन एवं प्रभावी तकनीकों से परिचित कराना है। प्रशिक्षण के दौरान अध्यापकों को नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा कक्षा-कक्ष में विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के प्रभावी तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सभी प्राथमिक अध्यापकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी संदीप कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, जिला संयोजक संदीप तेवतिया, खण्ड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तथा विद्यालय मुखिया नवल किशोर सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
000
Palwal, Palwal | Oct 5, 2026