002
प्रैस नोट-जिला पलवल।
दिनांक 24 नवंबर 2026
*सीआईए पलवल टीम ने जानलेवा हमले व आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित आरोपी किया गिरफ्तार, 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।*
पलवल। पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशानिर्देशों के तहत अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत सीआईए स्टाफ पलवल ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। सीआईए टीम ने थाना शहर पलवल क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले और अवैध हथियार के मामले में वांछित चल रहे आरोपी दीपांकर उर्फ दुष्यंत पुत्र अनिल कुमार निवासी नजदीक गर्ल्स स्कूल, बालीनगर (थाना कैंप पलवल) को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है।
मामले की जानकारी देते हुए सीआईए पलवल प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि दिनांक 17 जनवरी 2026 को राम नगर पलवल निवासी चिराग लवानिया ने थाना शहर पलवल में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार दिनांक 15 जनवरी 2026 की रात करीब 09:30 बजे उसका छोटा भाई तुषार अपने दोस्तों के साथ रसूलपुर रोड स्थित ट्रैक्टर मार्केट में एक ऑफिस पर गया था। वहां फोन पर हुई कहासुनी के बाद करीब 20 मिनट पश्चात एक काले रंग की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी में सवार होकर दीपांकर उर्फ दुष्यंत सहित नामजद व अन्य साथी मौके पर पहुंचे।
आरोपियों ने हथियार के बल पर तुषार के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर कांच की टूटी हुई बोतल से पेट में हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने घायल तुषार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से भी रोका और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस संबंध में थाना शहर पलवल में मुकदमा दर्ज किया गया था। मेडिकल बोर्ड की राय में पीड़ित को लगी चोट को जान के लिए खतरनाक घोषित किया गया था।
सीआईए स्टाफ की कार्रवाई और रिमांड:
मामले में सीआईए स्टाफ पलवल के पीएसआई सुमित की टीम ने कार्रवाई करते हुए दिनांक 24 नवंबर 2026 को नामजद आरोपी दीपांकर उर्फ दुष्यंत को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी दीपांकर को माननीय अदालत में पेश कर गहन पूछताछ व फरार सह-आरोपी आदि की गिरफ्तारी हेतु 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Palwal, Palwal | Nov 24, 2026