जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर चार दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज स्तर के अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
----
सतना 15 अक्टूबर 2026/जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर #सतना जिले के समस्त ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज स्तर के अधिकारियों का चार दिवसीय प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, सुचारू एवं निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था। जनगणना निदेशालय भोपाल से आए अधिकारियों नागेश पाठक, उमेश कुशवाहा एवं मास्टर ट्रेनर अनुराग वर्धन पाण्डेय द्वारा 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक लगातार उपस्थित रहकर दोनों बैच के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं, स्व-गणना पोर्टल, मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार तथा प्रिंटिंग एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही पीई मोबाइल ऐप का लाइव डेमो प्रस्तुत कर व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। जनगणना से संबंधित विभिन्न अवधारणाओं और प्रश्न क्रमांक 1 से 40 तक की जानकारी देते हुए आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण के दिशा-निर्देशों तथा कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया तथा उनकी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य संपादित करने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, नगर जनगणना अधिकारी, जनगणना ओआईसी, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), एनआईसी अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी तथा सभी तहसीलों एवं नगर परिषदों के चार्ज जनगणना अधिकारी और जोनल चार्ज जनगणना अधिकारी शामिल हुए। इनके साथ जनगणना लिपिक, तकनीकी सहायक तथा जिला जनगणना कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सहायक सांख्यिकीय अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला नाजिर मानेन्द्र सिंह परिहार, सहायक ग्रेड-2 कामता शरण चतुर्वेदी तथा जनगणना तकनीकी सहायक रितिक बर्मन, अखिल सिंह बघेल एवं अनुराग सिंह बघेल सहित जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP