जनजातीय गौरव सप्ताह की प्रदर्शनी में दिखी संस्कृति, परंपरा और वीरता की गौरवशाली झलक
===
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन, जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत से हुए रूबरू
===
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं, जीवनशैली और वीरता की गाथाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी में कोल, बैगा, गोंड एवं भील जनजातियों की संस्कृति और परंपराओं के साथ भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए योगदान को दर्शाया गया। इसके साथ ही जनजातीय समाज द्वारा परंपरागत रूप से उपयोग किए जाने वाले कृषि यंत्रों, घरेलू बर्तनों, वाद्य यंत्रों तथा दैनिक जीवन में काम आने वाली विभिन्न वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया। इन वस्तुओं के माध्यम से जनजातीय समाज की पारंपरिक जीवनशैली, कला-कौशल और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जनजातीय समाज की परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को सहेजने एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक श्री शरद कोल, जयसिंह मरावी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जनजातीय समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#shahdol #शहडोल