बैगा बच्चों की मौत के मामले में मछुदा पहुंचे डिप्टी सीएम, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रभावित परिवारों से मिले राजेंद्र शुक्ल, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा; विशेष कैचअप प्रोग्राम शुरू करने के निर्देश
बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के नक्सल प्रभावित ग्राम मछुदा में बैगा बच्चों की मौत के मामले को लेकर प्रदेश सरकार सक्रिय हो गई है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मछुदा पहुंचकर प्रभावित बैगा परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, पोषण, शिक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कई गांवों में बच्चों की मौत का मामला
बालाघाट के बैगा अंचल के बिरसा विकासखंड अंतर्गत बोंदारी, कुंडेकसा, कोरका, मच्छुलदा और मातला सहित आसपास के गांवों में बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मृत बच्चों की संख्या 22 से अधिक होने की बात सामने आई है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की जांच में बच्चों की बीमारी और मौत के पीछे खसरा, फाल्सीफेरम मलेरिया, मौसमी बीमारियां, कुपोषण और दूषित पानी जैसी वजहों की जानकारी सामने आई है। वहीं कुछ प्रभावित बच्चों को समय पर नियमित टीकाकरण नहीं मिल पाने की बात भी जांच में सामने आई है।
टीकाकरण और मलेरिया अधिकारियों पर कार्रवाई
मछुदा दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी और जिला मलेरिया अधिकारी को पद से हटाने की कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की मौत के मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। जांच में जिस भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विशेष कैचअप प्रोग्राम होगा शुरू
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य और टीकाकरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष 'कैचअप प्रोग्राम' शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य छूटे हुए बच्चों तक टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
मछुदा के उपस्वास्थ्य केंद्र में ANM की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात कर दी गई हैं। जरूरतमंद मरीजों की जांच और उपचार के लिए अस्थाई अस्पताल की व्यवस्था भी की गई है।
बैगा परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा
उप मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर बच्चों की मौत पर संवेदना व्यक्त की और परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ बैगा क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा सामने न आए।
अब बड़ा सवाल यह है कि जांच में बच्चों की मौत की वास्तविक वजह और स्वास्थ्य व्यवस्था में हुई लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार ठहराया जाता है? सरकार की कार्रवाई और विशेष स्वास्थ्य अभियान के बाद प्रभावित बैगा अंचल में स्वास्थ्य सेवाएं कितनी प्रभावी होती हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
#Balaghat #BalaghatNews #Birsa #Machhuda #Baiga #BaigaTribe #BaigaChildren #MadhyaPradesh #MPNews #RajendraShukla #DeputyCM #HealthNews #HealthDepartment #ChildDeath #Malaria #Measles #Vaccination #Malnutrition #TribalNews #TribalHealth #CatchUpProgram #PublicHealth #GroundReport #BreakingNews #ViralNews #MadhyaPradeshNews #HALCHAL24NEWS Part 9