#कुश्ती_दंगल..
भरतपुर। रुदावल तहसील क्षेत्र के गांव नगला तुला डुमरिया में लोक देवता टोडा बारे बाबा सिद्ध के मेले के अवसर पर विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस दंगल में करीब आधा दर्जन राज्यों से आए पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम और शानदार दांव-पेच का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। दंगल की सबसे बड़ी आकर्षण 1 लाख 81 हजार रुपये की अंतिम कुश्ती हरियाणा के अजय पहलवान और झज्जर के मोहित पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को मात देने के लिए कड़ा मुकाबला किया, लेकिन अंत में मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद आयोजन समिति द्वारा इनामी राशि दोनों पहलवानों में बराबर-बराबर बांट दी गई। पूरे आयोजन के दौरान अखाड़े का माहौल दर्शकों के उत्साह और तालियों से गूंजता रहा।