#सभापति_के_लिए_3_प्रत्याशी..
भरतपुर। डीग नगर परिषद में पार्षद प्रत्याशियों के नतीजे सामने आते ही सभापति पद की कुर्सी के लिए सियासत गरमा गई है। उपखंड अधिकारी अमित कुमार मीणा के समक्ष तीन नामांकन दाखिल होने के साथ ही मुकाबला त्रिकोणीय रूप ले चुका है। भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार अर्पित गुप्ता के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मालती देवी और राहुल लवानिया ने भी अपनी दावेदारी ठोक दी है। नगर परिषद में किसी भी राजनीतिक दल के पास अपने दम पर बोर्ड बनाने लायक स्पष्ट आंकड़ा नहीं है। कुल 40 वार्डों में से बड़ी संख्या में जीतकर आए निर्दलीय पार्षदों ने पूरे चुनाव का पलड़ा अपनी ओर झुका रखा है। दोनों ही प्रमुख दल और निर्दलीय दावेदार अब बहुमत साबित करने के लिए पार्षदों की गोटियां बिठाने में जुट गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम में स्थानीय विधायक डॉ. शैलेश सिंह के अगले कदम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सियासी गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा है कि विधायक किस दावेदार के पाले में खड़े होते हैं, क्योंकि उनका मौन समर्थन भी चुनावी बाजी पलट सकता है। फिलहाल दो दिनों की नाम वापसी की समय सीमा तय की गई है। इस दौरान पर्चा वापस लेने की प्रक्रिया से समीकरण बदलने की पूरी गुंजाइश बनी हुई है। यदि कोई प्रत्याशी मैदान से हटता है तो मुकाबला सीधा हो जाएगा, अन्यथा तीन धड़ों में बंटा यह चुनाव बाड़ेबंदी और अंदरूनी गुटबाज़ी का नया दौर शुरू कर सकता है।