स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत सफाई मित्रों एवं ड्राइवरों का सम्मान समारोह आयोजित
बड़वानी 30 सितम्बर 2026/नगर पालिका परिषद बड़वानी द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत बुधवार, 30 सितंबर 2026 को सफाई मित्रों एवं ड्राइवरों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन के साथ हुआ। समारोह में नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों एवं ड्राइवरों को शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी निक्कू चौहान, उपाध्यक्ष श्री सुभाष भावसार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती सोनाली शर्मा, पार्षदगण श्री गजेन्द्र सोनने एवं श्री कौसर मंडवाड़ा, एल्डरमेन श्रीमती जया शर्मा, श्री राजेन्द्र सोनी, श्री मिथुन यादव एवं श्री विश्वास सराफ तथा पार्षद प्रतिनिधि श्री बाबूलाल आर्य सहित निकाय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान सफाई मित्रों एवं ड्राइवरों द्वारा प्रतिदिन किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्पण, मेहनत एवं सेवाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सफाई मित्रों एवं ड्राइवरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके निरंतर प्रयासों एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यों से ही बड़वानी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प साकार हो रहा है।
इस अवसर पर वैष्णवी एमीनेट स्कूल के कक्षा 8वीं के विद्यार्थी रयर्थ शिंदे द्वारा स्वच्छता विषय पर संवाद प्रस्तुत किया गया। उनके माध्यम से स्वच्छता के महत्व एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों एवं ड्राइवरों का उत्साहवर्धन करना तथा उनके उत्कृष्ट कार्यों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना रहा। समारोह के अंत में मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती सोनाली शर्मा द्वारा उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं ड्राइवरों का आभार व्यक्त किया गया।
स्वच्छ बड़वानी, सुंदर बड़वानी कृ सफाई मित्रों के समर्पण और जनभागीदारी से साकार होगा स्वच्छ शहर का संकल्प।
#JansamparkMP
#Badwani