बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दादूपुर पंचायत में बुधवार देर रात सर्पदंश से एक 5 वर्षीय मासूम की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। उक्त बालक की पहचान रानी टोल भगवानपुर दियारा वार्ड संख्या 09 निवासी रंजीत राय के पुत्र अभिराज कुमार के रूप में हुई है। घटना को लेकर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना यादव ने बताया कि अभिराज बुधवार शाम में अपने घर के दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान उसे कुछ काटने का एहसास हुआ और उसने अपनी मां को बताया कि उसे मधुमक्खी ने काट लिया है। इसके बाद मां ने घरेलू उपचार किया और रात में खाना-पीना खाकर सोने के बाद अभिराज की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत ही इलाज के लिए स्थानीय डॉक्टरों के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम छा गया एवं इस हादसे ने हंसते खेलते परिवार का चिराग छीन लिया। उक्त बालक दो भाई है, जिसमें यह सबसे बड़ा भाई था। हालांकि, स्थानीय लोगों ने सांप को घर के बगल से पकड़ लिया है और उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार का ढाढस बढ़ाया।
Bachhwara, Begusarai | Oct 22, 2026