राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न
----
सतना 16 अक्टूबर 2026/मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार #सतना जिले में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अक्टूबर माह में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 28 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक कुल 17 हजार 688 फार्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के 7 हजार 718 आवेदन शामिल हैं। इस संबंध में गुरूवार को डिप्टी कलेक्टर श्री एलआर जांगडे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की आयोजित बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री द्वारकेन्द्र प्रताप सिंह एवं श्री के.बी. त्रिपाठी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं, छूटे हुए पात्र मतदाताओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले भावी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में नाम जोड़ने के लिए कुल 7,602 फार्म-6 प्राप्त हुए। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं के 3,620 आवेदन शामिल हैं। अभियान के माध्यम से नए मतदाताओं को मतदाता सूची में पंजीकृत करने तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित आंकड़ों की जानकारी भी दी गई। प्रस्तुत विवरण के अनुसार 4 नवंबर 2025 की स्थिति में जिले में कुल 12 लाख 19 हजार 494 मतदाता दर्ज थे। एसआईआर के दौरान 58 हजार 812 मतदाता एएसडीआर श्रेणी में चिह्नित किए गए। इसके बाद 23 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया तथा 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। अंतिम प्रकाशन के समय जिले में कुल 11 लाख 83 हजार 382 मतदाता दर्ज थे। 15 अक्टूबर 2026 की स्थिति में जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 11 लाख 91 हजार 081 हो गई है।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची में छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जा सकें। विशेष रूप से युवा एवं भावी मतदाताओं का पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में भाजपा के विनोद अग्रवाल, कांग्रेस के दुर्गेश चौरसिया, साबिर खान, आम आदमी पार्टी के डॉ. अमित सिंह तथा बहुजन समाज पार्टी के डॉ. लखन लाल साहू उपस्थित रहे।
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
#JansamparkMP
42 views | Satna, Madhya Pradesh | Oct 16, 2026