छोटी उदेई में बदहाल सड़क और जलभराव से ग्रामीण परेशान, बिजली के झुके खंभे बने खतरा
छोटी उदेई। ग्राम पंचायत छोटी उदेई में बदहाल सड़क, जलभराव और गिरने की कगार पर खड़े बिजली के खंभों से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। महावीर जी से गंगापुर सिटी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। सड़क पर भरा पानी और झुके हुए बिजली के खंभे किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं।
प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश
समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़ी जनहानि के बाद ही जागेगा? ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलभराव की समस्या दूर करने और खतरनाक बिजली के खंभों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।