मानसून के लिए पूर्ति विभाग पूरी तरह अलर्ट, रूद्रप्रयाग जनपद की सभी 340 राशन दुकानों पर तीन माह का खाद्यान्न उपलब्ध!!
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त खाद्यान्न का भंडारण, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी दो माह का अग्रिम राशन भेजा गया!!
मानसून के दौरान जनपद में खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। रूद्रप्रयाग जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर पूर्ति विभाग ने जनपद की सभी 340 सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों पर तीन माह का राशन अग्रिम रूप से उपलब्ध करा दिया है। साथ ही भूस्खलन एवं मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त खाद्यान्न का भंडारण भी किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली ने बताया कि मानसून सीजन को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि संभावित आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में लगे कार्मिकों और जरूरतमंद लोगों के लिए सूक्ष्म जलपान (राहत) पैकेट भी तैयार कर विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि केदारनाथ यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए सोनप्रयाग से लेकर केदारनाथ धाम तक सभी यात्रा सेक्टरों में दो माह का अतिरिक्त खाद्यान्न अग्रिम रूप से भेज दिया गया है, जिससे किसी भी विषम परिस्थिति में यात्रियों और स्थानीय लोगों को खाद्यान्न की कमी का सामना न करना पड़े।