औरंगाबाद में पाउडर के प्रचार के नाम पर बड़ी ठगी, महिला को बेहोश कर लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हुए शातिर। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद।
औरंगाबाद जिला मुख्यालय में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के वार्ड नंबर 12 में चित्तौड़ नगर स्थित गली नंबर चार में दो शातिर युवक पाउडर बांटने और प्रचार करने के बहाने एक घर में घुस गए और घर की महिला को नशीला पाउडर सुंघाकर बेहोश कर दिया। महिला के बेहोश होते ही दोनों आरोपी घर में रखे सोने के कीमती आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना शनिवार दोपहर की है।
*क्या है पूरा मामला -*
इस संबंध में पीड़िता पंकज सोनी की पत्नी प्रियंका सोनी ने नगर थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि शनिवार दोपहर करीब दो लोग उनके मोहल्ले में पाउडर का प्रचार करने के लिए आए थे। वे घर-घर जाकर लोगों को पाउडर का सैंपल दे रहे थे। इसी दौरान वे प्रियंका के घर भी पहुंचे। उन्होंने प्रियंका को भी पाउडर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पाउडर हाथ में लेते ही कुछ देर बाद उन्हें एक अजीब सी तेज गंध महसूस हुई और चक्कर आने लगा। देखते ही देखते वह बेहोश हो गईं।
प्रियंका सोनी के अनुसार, जब काफी देर बाद उन्हें होश आया तो उन्होंने देखा कि घर के लॉकर में रखे सोने के आभूषण और नकदी गायब है।
*क्या-क्या ले गए शातिर -*
पीड़िता ने बताया कि घर में लगभग 20 से 25 हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें आरोपी लेकर फरार हो गए। इसके अलावा -
- सोने का एक झाला
- सोने का एक हार
- सोने की एक अंगूठी
- बच्चे का सोने का एक लॉकेट
कुल मिलाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी की गई है।
*पुलिस का बयान -*
घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाने में आवेदन देकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील - पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों को घर में प्रवेश न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Rafiganj, Aurangabad | Oct 11, 2026