पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत 81 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण पूर्ण, उपायुक्त ने समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश
पश्चिमी सिंहभूम जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। अब तक जिले में लगभग 81 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बूथ लेवल पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं वॉलिंटियर के द्वारा भाग लिया गया। उपायुक्त ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि गणना प्रपत्रों के वितरण के साथ-साथ घर-घर भ्रमण कर सभी मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी पात्र मतदाता का प्रपत्र प्राप्त होने से न छूटे तथा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि प्राप्त गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य समानांतर रूप से एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की संपूर्ण प्रक्रिया समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का निर्देश दिया।
*बूथ लेवल पदाधिकारियों एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के बीच रेनकोट का वितरण*
बैठक के उपरांत समाहरणालय सभागार में उपस्थित बूथ लेवल पदाधिकारियों एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के बीच रेनकोट का वितरण भी किया गया। उपायुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान क्षेत्रीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा बूथ लेवल पदाधिकारी निर्बाध रूप से घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कर सकें, इसे ध्यान में रखते हुए जिले के सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को चरणबद्ध तरीके से रेनकोट उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफल बनाएंगे तथा जिले में शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का विवरण अद्यतन सुनिश्चित करेंगे।