यातायात पुलिस का विशेष अभियान, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
शराब पीकर वाहन चलाने पर 15, तेज गति से वाहन चलाने पर 560 और बिना हेलमेट के 57 चालान की कार्रवाई
सवाई माधोपुर। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों की संख्या में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चल रहे इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के सुपरविजन में पुलिस उप अधीक्षक यातायात धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिसकर्मी शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दे रहे हैं और नियमों की पालना के लिए जागरूक कर रहे हैं।
अभियान के तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, तेज गति से वाहन चलाने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप और रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज विभिन्न वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप और रिफ्लेक्टर लगाए गए।
अब तक की गई कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के तहत अब तक शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ 15, तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ 560, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ 57 तथा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों के खिलाफ 20 कार्रवाई की जा चुकी हैं।
50 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करवाने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके तहत यातायात पुलिस सवाई माधोपुर द्वारा अब तक 50 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए संबंधित प्राधिकरण को पत्र लिखा जा चुका है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा तेज गति और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें।