देवास। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की जा रही साइबर ठगी के खिलाफ देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 17 राज्यों के 33 जिलों में 127 दिनों तक अभियान चलाकर 12 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 54 लाख 84 हजार 725 रुपए की ठगी की राशि बरामद की गई है।
मामला देवास कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यहां एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने करीब 63.52 लाख रुपए की ठगी की थी। आरोपियों ने फोन और वीडियो कॉल के जरिए खुद को दूरसंचार विभाग, मुंबई क्राइम ब्रांच और CBI अधिकारी बताकर फरियादी को डराया। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी देकर उससे बैंक एवं निवेश से जुड़ी जानकारी हासिल की गई। इसके बाद जांच के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई।
बैंक ट्रांजेक्शन से लेकर CCTV तक खंगाला
शिकायत मिलने के बाद देवास पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर, बैंक स्टेटमेंट, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। बैंक खातों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस एक-एक कर आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में गठित 19 टीमों में शामिल 70 पुलिसकर्मियों ने देश के अलग-अलग राज्यों में दबिश दी। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित 17 राज्यों के 33 जिलों में कार्रवाई की गई।
इस दौरान पुलिस टीमों ने करीब 58,315 किलोमीटर की दूरी तय की और अलग-अलग स्थानों से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दिल्ली, आंध्रप्रदेश और कर्नाटक से बड़ी बरामदगी
कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ी बरामदगी दिल्ली से गिरफ्तार मोहम्मद अब्दुल्ला के कब्जे से हुई, जिसके पास से 21 लाख रुपए बरामद किए गए।
वहीं आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार गिरीश कुमार येलेंटी से 11.20 लाख रुपए और कर्नाटक से गिरफ्तार अनिल कुमार से 6 लाख रुपए बरामद किए गए।
ई-जीरो FIR से तेजी से जुड़ी कड़ियां
देवास पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मध्यप्रदेश पुलिस की “ई-जीरो FIR” व्यवस्था के तहत की गई। इसका उद्देश्य साइबर ठगी की शिकायत मिलते ही तत्काल FIR दर्ज कर जांच शुरू करना और ठगी से जुड़े बैंक खातों व अन्य डिजिटल साक्ष्यों के जरिए आरोपियों तक तेजी से पहुंचना है।
।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews