12 घंटे में खुला 25 लाख के ट्रक चोरी का राज
CCTV ने पहुंचाया आरोपियों तक
देवास। बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस ने ट्रक चोरी की वारदात का महज 12 घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 24 लाख रुपए कीमत का ट्रक और उसमें भरा करीब 1 लाख रुपए का माल, यानी कुल 25 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है। वारदात का खुलासा करने में “ऑपरेशन त्रिनेत्रम्” के तहत लगाए गए CCTV कैमरों की अहम भूमिका रही।
जानकारी के अनुसार अशोकनगर निवासी मानसिंह पासवान 20 अगस्त को ट्रक क्रमांक HR55U8220 में माल भरकर गुना की ओर से देवास आया था। शिवोम टोल कांटा, देवास के पास उसने ट्रक पार्क किया और खाना खाने चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो मौके से ट्रक गायब था। आसपास तलाश करने के बाद भी ट्रक का पता नहीं चला। इसके बाद उसने बैंक नोट प्रेस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
25 लाख के ट्रक पर पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन
मामला दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देश पर पुलिस टीमों को ट्रक और आरोपियों की तलाश में लगाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन और डीएसपी (एल/आर) अभिषेक गौतम के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें सक्रिय की गईं।
पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। संदिग्ध गतिविधियों और ट्रक की आवाजाही से जुड़े फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई।
पूछताछ में कबूली चोरी, ट्रक और माल बरामद
पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गया ट्रक और उसमें भरा माल बरामद कर लिया। इस तरह पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर 25 लाख रुपए का मश्रुका बरामद कर मामले का खुलासा कर दिया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राहुल पिता रामसिंह बंजारा (28), निवासी निपानिया, थाना कालू, जिला गंगाधर, राजस्थान; तेजूलाल पिता राधेश्याम मेहर (38), निवासी सरवन, थाना उन्डेल, जिला झालावाड़, राजस्थान और जगदीश सिंह पिता बलवंत सिंह (29), निवासी बानीखेड़ी, थाना डग, जिला झालावाड़, राजस्थान शामिल हैं।
CCTV बना पुलिस की तीसरी आंख
इस कार्रवाई में एक बार फिर देवास पुलिस का ऑपरेशन त्रिनेत्रम् प्रभावी साबित हुआ। CCTV फुटेज के तकनीकी विश्लेषण से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस के मुताबिक तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र को साथ लेकर की गई कार्रवाई के चलते वारदात का तेजी से खुलासा संभव हो सका।
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रीति कटारे, उनि शुभम व्यास, सउनि कमल सिंह ठाकुर सहित थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।