देवास। जिला दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों और केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार की गैरमौजूदगी को लेकर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने नाराजगी जताई। सांसद ने अधिकारियों की बैठक में उपस्थिति और विकास कार्यों की जिम्मेदारी को लेकर सख्त रुख अपनाया।
नगर निगम आयुक्त की गैरमौजूदगी पर सांसद ने कहा कि एक-दो काम अच्छे कर देने से बाकी कामों की जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती। अधिकारियों को बैठकों में उपस्थित होकर अपने विभाग से जुड़े कार्यों की जानकारी और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। इस दौरान अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस देने की बात भी कही गई।
बैठक में सांसद निधि से होने वाले कार्यों में कथित रूप से आ रही रुकावट का मुद्दा भी सामने आया। सांसद ने कहा कि यदि सांसद निधि से स्वीकृत कार्यों में किसी स्तर पर रोक या अड़चन डाली जा रही है, तो इस संबंध में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया जाएगा। सांसद ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को लेकर किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।
गजरागया चौराहे की झुग्गियों पर भी बोले सांसद
बैठक के दौरान गजरा गियर चौराहे के आसपास बनी झुग्गियों का मुद्दा भी सामने आया। इस मामले में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कार्रवाई के दौरान गरीब परिवारों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। झुग्गियों में रहने वाले लोगों को विश्वास में लेकर और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए ही कोई कार्रवाई की जाए।
सांसद ने यह भी कहा कि यदि इन झुग्गियों के पीछे किसी तरह का षड्यंत्र या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है, तो उसकी भी जांच होनी चाहिए और संबंधित दस्तावेज जुटाकर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए। उनका कहना था कि उनका उद्देश्य गरीबों को परेशान करना नहीं, बल्कि पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाना है।
विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर
दिशा समिति की बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं और विकास कार्यों की धरातलीय स्थिति से समिति को अवगत कराया।
कुछ मामलों में विभागीय समन्वय की कमी और छोटी-मोटी खामियां सामने आने पर अधिकारियों को उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिन विकास कार्यों की DPR तैयार हो चुकी है, उनमें तेजी लाने और शासन स्तर पर भेजे गए प्रस्तावों की स्वीकृति जल्द कराने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में देवास जिला पीछे नहीं रहना चाहिए। केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को पूरी गंभीरता से काम करना होगा।
बैठक में सामने आए मुद्दों से साफ है कि सांसद ने अधिकारियों की जवाबदेही, सांसद निधि के कार्यों में संभावित अड़चनों, विकास कार्यों की गति और गरीबों के हितों को लेकर प्रशासन के सामने अपना रुख स्पष्ट किया है।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews