मुरैना में नाइट कॉम्बिंग गश्त: 121 अपराधी गिरफ्तार, 4 इनामी बदमाश भी दबोचे
मुरैना। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर मुरैना जिले में शुक्रवार देर रात व्यापक नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई।
रात 10 जुलाई से 11 जुलाई की मध्यरात्रि तक चले इस अभियान में जिले के सभी अनुभागों में 183 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के नेतृत्व में शहर मुरैना में भी सिविल लाइन, स्टेशन रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन कॉम्बिंग गश्त की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने 33 स्थायी वारंटी, 81 गिरफ्तारी वारंटी, 3 अन्य वांछित आरोपी तथा ₹35 हजार के 4 इनामी बदमाशों सहित कुल 121 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 63 हिस्ट्रीशीटरों और 22 जिलाबदर अपराधियों की भी जांच की गई।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 का इजाफा किया गया।
गिरफ्तार इनामी आरोपी
शिवम उर्फ गुलगुलिया पुत्र राजू कंजर, निवासी कोकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा (उ.प्र.), गौरव पुत्र परीक्षत गुर्जर, निवासी जनकपुर, परीक्षत पुत्र बद्री गुर्जर, निवासी जनकपुर, मोनू उर्फ करूआ पुत्र अतर सिंह गुर्जर, निवासी जनकपुर
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों पर लगातार इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
#मुरैना #morena #पुलिस