जिले में ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई का हुआ आयोजन
जिला कलक्टर ने कुचामन में की जनसुनवाई, मौके पर ही दिए समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
डीडवाना-कुचामन, 10 जून।
राज्य सरकार की मंशानुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिले के सभी ब्लॉक में माह के दूसरे गुरुवार को अटल जन सेवा शिविर (ब्लॉक स्तरीय जन सुनवाई) का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर अवधेश मीना ने कुचामन में ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने आमजन की नहरी जल की आपूर्ति, साफ- सफाई, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, अतिक्रमण, राजस्व कार्यों से जुड़े परिवाद, राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े 36 परिवादों की सुनवाई कर कई परिवादों का मौके पर है निस्तारण किया और शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जलदाय विभाग के अभियंताओं को पेयजल सप्लाई सुचारू रखने, विद्युत विभाग को अघोषित बिजली कटौती रोकने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध रूप से प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और संपर्क पोर्टल पर दर्ज मामलों का निस्तारण समय सीमा में कर परिवादी की समस्या पर संतोषजनक कारवाई करते हुए राहत प्रदान की जाए।
जनसुनवाई में उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा, तहसीलदार रामेश्वर गढ़वाल, नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया सहित जिला स्तरीय व ब्लॉक स्तर के समस्त विभागों के प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण व शहरवासी उपस्थित रहे।
----------
Didwana, Nagaur | Jun 11, 2026