मेडिकल कॉलेज से पुलिस को चकमा देकर भागा बाल अपचारी, 300 मीटर दूर दबोचा गया
हरदोई। बाल संप्रेषण गृह से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया एक नाबालिग किशोर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और करीब 300 मीटर दूरी पर उसे दोबारा पकड़ लिया।
सब-इंस्पेक्टर दिनेश प्रसाद मिश्रा के अनुसार, नाबालिग किशोर को पिछले 10 दिनों से शौच न होने की समस्या थी। इसी के उपचार के लिए उसे बाल संप्रेषण गृह से मेडिकल कॉलेज लाया गया था। ओपीडी में डॉक्टरों द्वारा इलाज किए जाने के बाद पुलिसकर्मी जब दवाइयों की जानकारी ले रहे थे, तभी मौका पाकर किशोर भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला।
किशोर के भागते ही सब-इंस्पेक्टर दिनेश प्रसाद मिश्रा और अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत दौड़ लगाकर उसका पीछा किया और महज 300 मीटर की दूरी पर उसे धर दबोचा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस उसे सुरक्षित वापस बाल संप्रेषण गृह ले गई है।
Hardoi, Hardoi | Oct 14, 2026