नरकीय जीवन से मिलेगा छुटकारा या फिर नहीं
फरीदाबाद, 2 अगस्त Aonenews अरविन्द बक्शी
फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सीही गांव की गलियों में हो रहे भारी जलभराव को लेकर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक मौके पर पहुंचे और वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर लोगों से हालातों का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके समक्ष अपना खुलकर दुखड़ा रोया और बताया कि वर्षों से वह बदहाल स्थिति में जीने का मजबूर है। गलियों में फैले बदबूदार सीवर के गंदे पानी से गांव में विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने का खतरा है। बार-बार मंत्री, विधायक और सरकार के प्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद हालात जस के तस है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने अपने सम्बोधन में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री एवं स्थानीय विधायक विपुल गोयल को सीधी चेतावनी देते हुए ऐलान किया कि अगर आगामी एक सप्ताह में गांव के हालात नहीं सुधारे तो वह मंत्री विपुल गोयल का घेराव कर पुतला फूंकने का काम करेगें।
उन्होंने कहा कि सीही गांव संत सूरदास की जन्मस्थली है, लेकिन आज यह गांव अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। गांव की कोई ऐसी गली नहीं है, जिसमें सीवर का ओवर फ्लो गंदा पानी न खड़ा हो। हालात इतने खराब है कि इस जलभराव से फैली बदबू से स्थानीय निवासियों का जीना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चे रोजाना इस गंदे बदबूदार पानी में गिर जाते है। वहीं बड़े-बुजुर्ग भारी जलभराव के चलते घरों से नहीं निकल जाते है। इसके अलावा गांव में किसी की मृत्यु हो जाने पर उसे शमसान ले जाने के लिए जूते हाथ में लेकर गुजरना पड़ता है।
बलजीत कौशिक ने खुली चेतावनी दी कि या तो नगर निगम के अधिकारी आगामी एक सप्ताह में इस गंदे जल की निकासी की ठोस व्यवस्था कर ग्रामीणों को राहत देने का काम करें अन्यथा वह पूरी कांग्रेस कमेटी के साथ ग्रामीणों को लेकर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का पुतला फूंकने का काम करेगेें।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक के साथ युद्धवीर, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, सुरेश मलिक, जितेन्द्र तेवतिया, गजेन्द्र मलिक, बंसीलाल, रामवीर, साहिल मान, जोगेन्द्र मलिक, बिन्टू मलिक, प्रकाश पंडित, निशांत तेवतिया, मुकेश तेवतिया सहित अन्य गांव वासी मौजूद रहे।