A2Z News ने वर्षों से उठाई चालकों की आवाज, ऑल ड्राइवर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने किया राकेश कुमार सुखवारिया का सम्मान
👉राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद बोले— वर्ष 2022 से A2Z News हमारी आवाज सरकार तक पहुंचाने वाला पहला समाचार चैनल रहा
फरीदाबाद Rakesh Kumar ऑल ड्राइवर्स वेलफेयर एसोसिएशन की टीम सोमवार को सेक्टर-16 स्थित A2Z News कार्यालय पहुंची, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने चैनल के संचालक राकेश कुमार सुखवारिया का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2022 में जब चालक समुदाय की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं था, तब A2Z News ने सबसे पहले अपने मंच के माध्यम से ड्राइवरों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह पहला समाचार चैनल था जिसने चालक समाज के सम्मान, अधिकारों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिसके लिए चालक समुदाय सदैव आभारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि ऑल ड्राइवर्स वेलफेयर एसोसिएशन लगातार 1 सितंबर को "राष्ट्रीय चालक सम्मान दिवस" घोषित करने, चालकों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, बीमा, पेंशन, सम्मानजनक कार्य वातावरण तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग सरकार के समक्ष रख रही है।
हाल ही में एसोसिएशन ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के बड़े भाई अशोक गोयल को भी ज्ञापन सौंपा था। इस दौरान अशोक गोयल ने ट्रक यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद से बातचीत कर चालक समुदाय की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित स्तर पर सकारात्मक पहल कराने का आश्वासन दिया।
राकेश कुमार सुखवारिया ने कहा कि A2Z News आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ चालक समुदाय की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज को पूरी मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले चालक सम्मान और बेहतर सुविधाओं के हकदार हैं।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक बार फिर सरकार से 1 सितंबर को राष्ट्रीय चालक सम्मान दिवस घोषित करने तथा चालक वर्ग के हितों की रक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग दोहराई।