सेवा संकल्प महोत्सव एवं फार्मेसी वीक में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, प्रोजेक्ट्स ने बटोरी सराहना
श्रीनगर। राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर में सेवा संकल्प महोत्सव एवं फार्मेसी वीक के अंतर्गत भाषण, प्रोजेक्ट, ड्राइंग, पोस्टर एवं साइटून प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। भाषण प्रतियोगिता की थीम ‘विकसित भारत 2047 एवं विकसित उत्तराखंड 2047’ रखी गई। विद्यार्थियों ने विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए देश एवं प्रदेश के विकास, आत्मनिर्भरता, तकनीकी प्रगति, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।
प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने नवाचारपूर्ण मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच एवं नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखा, द्वितीय स्थान कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा को प्राप्त हुआ, जबकि तृतीय स्थान आईटी शाखा के दो प्रोजेक्ट्स को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में सिविल तृतीय वर्ष की सानिया नेगी, ड्राइंग प्रतियोगिता में मैकेनिकल द्वितीय वर्ष के नमन दत्त, पोस्टर प्रतियोगिता में सिविल तृतीय वर्ष की प्रियांशा रावत तथा साइटून प्रतियोगिता में फार्मेसी प्रथम वर्ष की निशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीनगर नगर निगम की महापौर श्रीमती आरती भंडारी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री लखपत भंडारी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और उनके तकनीकी कौशल एवं नवाचार की सराहना की। महापौर श्रीमती आरती भंडारी, श्री लखपत भंडारी एवं श्रीमती सीमा भंडारी ने विभिन्न प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से उनकी कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं नवाचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों का उत्साहवर्धन किया।
संस्था के प्रधानाचार्य श्री एस. के. वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ नवाचार एवं रचनात्मक सोच विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. भारती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए फार्मेसी वीक के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण प्रतिभाग एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री अनिल शाह द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्था के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। इनमें श्री विनोद डोभाल, विभागाध्यक्ष आईटी; श्री गोपाल बुटोला, विभागाध्यक्ष सीएसई; श्री विवेक गोयल, विभागाध्यक्ष सिविल; श्री हर्षवर्धन शर्मा, विभागाध्यक्ष ऑटोमोबाइल; श्रीमती आरती कुंवर, विभागाध्यक्ष एप्लाइड सहित श्रीमती सरिता नौटियाल, श्री प्रशांत बहुगुणा, श्री प्रशांत डोभाल, श्री भूपेंद्र राणा, श्री राहुल शर्मा, श्रीमती श्वेता नेगी, श्री आनंद जगूड़ी, श्रीमती रचना राणा, श्री मनमोहन लखेड़ा, श्री उपेंद्र भट्ट, श्रीमती रचना नेगी, श्री बिजेंद्र आदि उपस्थित रहे।