लगातार बारिश से अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा, श्रीनगर में रोके गए बदरीनाथ-केदारनाथ जाने वाले यात्री
श्रीनगर गढ़वाल। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन नदी के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, खराब मौसम और सुरक्षा को देखते हुए बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को श्रीनगर में रोका गया है।
प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहरने और मौसम की स्थिति सामान्य होने तक आगे की यात्रा न करने की अपील की जा रही है।
श्रीनगर के तहसीलदार दीपक भंडारी ने बताया कि प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार कार्य कर रहा है। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही अलकनंदा नदी के जलस्तर पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।