#बालाघाट
जनसुनवाई में सुनी गईं आवेदकों की समस्याएँ
91 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 08 सितम्बर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम की अध्यक्षता में अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल, श्री विजय यादव तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 91 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।
जनसुनवाई में बालाघाट के ग्राम पोण्डी के निवासी कृष्णा राणा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद की चयन प्रक्रिया में BPL अंक नहीं जोड़े जाने की शिकायत लेकर आये थे। उसने बताया कि आवेदन में ऑनलाइन राशन कार्ड सहित BPL सर्वेक्षण की जानकारी दर्ज की गई थी। चयन सूची में उन्हें BPL के 5 अंक नहीं मिलने से नाम चौथे स्थान पर आया है, जबकि अंक जुड़ने पर उनका स्थान प्रथम होने का दावा है। कृष्णा राणा ने विभाग से BPL के 5 अंक जोड़ते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
लांजी तहसील अंतर्गत ग्राम दहेगांव की निवासी छाया सिराने अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आयी थी। छाया ने बताया कि 25 जुलाई 2023 को विशेष विवाह अधिकारी, जिला बालाघाट के समक्ष सामान्य समाज के विशाल सनपाल से उसने विवाह किया था, किंतु जानकारी के अभाव में अब तक उन्हें अनुसूचित जनजाति योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का लाभ नहीं मिल सका है। छाया सिराने ने शीघ्र उसे योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। इस प्रकरण में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
बालाघाट तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पायली के बबीता सहारे पति की मृत्यु उपरांत अनुग्रह सहायता राशि दिलाये जाने की मांग लेकर आयी थी। बबीता ने बताया कि उसके पति की मृत्यु 09 जुलाई 2025 को हो चुकी है, किंतु उसे संबल कार्ड होने के बावजूद शासन से अनुग्रह सहायता राशि का लाभ प्राप्त नही हुआ है। बबीता गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली महिला है और उसकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है अत: उसे शीघ्र अनुग्रह सहायता राशि का लाभ दिलाया जाए। इस प्रकरण में जनपद सीईओ बालाघाट को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
खैरलांजी तहसील अंतर्गत ग्राम मानेगांव की रीना पटले धान बीजाई से हुई क्षति का मुआवजा दिलाने की मांग लेकर आयी थी। रीना का कहना था कि उसने 26 जून 2026 को जय बजरंग केंद्र मेन रोड सालेटेका से सवाना 127 फुल पेज नामक धान बीजाई 30 हजार रुपए में खरीदी थी, जिसे उसने 05 एकड खेत में लगाया था। उसने बताया कि बीज उसने लाम्बा, खरपतवार, पुराना बीज नष्ट होने की शर्त पर ली थी। किंतु उक्त धान की बीजाई नही उगी एवं लाम्बा, खरपतवार व पुरान बीज नष्ट नही हुआ जिससे उसे बहुत क्षति हुई है। अत: रीना ने मौका स्थल की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने एवं उसे क्षति का मुआवजा दिलाने की मांग की है। इदस प्रकरण में उपसंचालक कृषि को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
परसवाड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अमवाही की ज्ञानती बोमचेर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की बंद हुई राशि पुनः प्रारंभ कराने की मांग लेकर आयी थी। ज्ञानती ने बताया कि उसे वर्ष 2023 से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि मिलना बंद है और पोर्टल पर कारण “परित्यक्ता” दर्ज बताया जा रहा है। उसने बताया कि योजना की राशि बंद हो जाने से उसे आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञानती ने प्रकरण की जांच कर वास्तविक कारण का निराकरण करने तथा पात्रता होने पर योजना की राशि पुनः शुरू करने की मांग की है। इस प्रकरण में जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
किरनापुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सिवनीकला की बसंती लिल्हारे पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक पर कथित रूप से लापरवाही और उदासीनता बरतते हुए उसे लाडली बहना योजना से वंचित रखने की शिकायत लेकर आये थी। बंसती ने बताया कि उन्हें विगत वर्षों से लाड़ली बहना योजना के तहत 1200 रुपये प्रतिमाह की राशि प्राप्त हो रही थी, किंतु पंचायत सचिव/रोजगार सहायक की कथित लापरवाही के कारण उनका नाम समग्र आईडी से हटा दिया गया, जिसके चलते उन्हें पिछले 24 माह से योजना की राशि नहीं मिल सकी और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अत: बंसती ने मामले की जांच कर उसे लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की है। इस प्रकरण में जनपद सीईओ किरनापुर को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
परसवाडा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत उकवा के निवासी शिवप्रसाद नेवर उनके वार्ड में अब तक सीसी रोड निर्माण ना किये जाने की शिकायत लेकर आये थे। उसने बताया कि उसके मकान तक जाने वाली गली में लंबे समय से मुरमीकरण नहीं हुआ है, जिससे बारिश के दौरान कीचड़ की स्थिति बन जाती है और आवागमन में परेशानी होती है। कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी दिक्कत होती है। शिवप्रसाद ने वार्ड में सीसी रोड निर्माण और मुरमीकरण करने की मांग की। इस प्रकरण में जनपद सीईओ परसवाडा को आवश्यक कार्यवाही करने कहा है।
वारासिवनी क्षेत्र के ग्राम कन्हारटोला अमई के निवासी संजय इंदुरकर किसान सम्मान निधि की 19 किस्तों का भुगतान रोके जाने की शिकायत लेकर आये थे। उसने बताया कि शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली किसान सम्मान निधि की लगातार 19 किस्तों की करीब 38 हजार रुपये की राशि उनके खाते में जमा हुई, लेकिन संबंधित बैंक शाखा द्वारा होल्ड लगाए जाने के कारण राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। संजय ने मामले की जांच कर किसान सम्मान निधि की लंबित राशि दिलाने तथा बैंक खाते से होल्ड हटवाने की मांग की। इस प्रकरण में एसडीएम वारासिवनी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।
बालाघाट के वार्ड नंबर 27 आजाद चौक निवासी 65 वर्षीय श्यामाबाई राऊत अपने मंझले बेटे कुशाल राऊत के खिलाफ गाली-गलौच और मारपीट के प्रयास की शिकायत लेकर आयी थी। श्यामाबाई ने बताया कि उसने अपने तीनों बेटों को मकान का हिस्सा समान रूप से बांट दिया है, लेकिन कुशाल राऊत उनसे उनके वर्तमान मकान का हिस्सा मांग रहा है। साथ ही गाली-गलौच एवं मारपीट भी करने लगा है। श्यामाबाई ने मामले में कुशाल राऊत के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस प्रकरण में बालाघाट तहसीलदार को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
लालबर्रा तहसील के ग्राम टेकाड़ी (ला.) की निवासी ज्योति कावरे आंगनवाड़ी सहायिका पद पर चयन के बावजूद ज्वाइनिंग लेटर नहीं दिए जाने की शिकायत लेकर आई थी। ज्योति ने बताया कि ग्राम टेकाड़ी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में सहायिका पद के लिए उनके द्वारा आवेदन किया गया था। 12 अगस्त 2026 को जारी चयन सूची में उनका नाम प्रथम क्रम पर दर्ज है, इसके बावजूद अब तक पदभार ग्रहण करने के लिए ज्वाइनिंग लेटर जारी नहीं किया गया है। उसने मामले की जांच कर आंगनवाड़ी सहायिका पद पर ज्वाइनिंग लेटर जारी कराने की मांग की है। इस प्रकरण में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए हैं।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mp_wcdmp
#gaddeptmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 8, 2026