➡️ अनुकंपा नियुक्ति एवं संबल योजना के प्रकरणों का संवेदनशीलता से शीघ्र निराकरण करें
➡️ सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के स्वत्वों का समय-सीमा में भुगतान सुनिश्चित करें
- कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव
➡️ समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का निराकरण संवेदनशीलता एवं सहानुभूतिपूर्वक शीघ्रता से किया जाए, ताकि दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रितों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। सभी विभाग प्रमुख सुनिश्चित करें कि अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और उनका समय-सीमा में निराकरण किया जाए। इसी प्रकार सभी विभागों के अंतर्गत सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति के उपरांत देय स्वत्वों का भुगतान नियमानुसार एवं समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। किसी भी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी को अपने देयकों के भुगतान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
कलेक्टर श्री यादव ने मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि अनुग्रह सहायता राशि के प्रकरणों का निराकरण सहानुभूतिपूर्वक एवं प्राथमिकता से किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबल योजना के अपील प्रकरणों की जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायवार समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की संख्या शून्य करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र सुधारने अथवा बदलने, विद्युत लाइनों का नियमित मेंटेनेंस करने तथा गलत बिजली बिलों की नियमानुसार जांच कर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम कुसुम योजना की प्रगति की समीक्षा की तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग द्वारा जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारी नियमित मॉनीटरिंग करें।
प्रधानमंत्री आवास योजना, आवास प्लस एवं धारणाधिकार योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उनका प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों एवं उनके प्रत्युत्तर की समीक्षा करते हुए कहा कि आयोगों द्वारा प्रेषित पत्रों का जवाब निर्धारित समय-सीमा में भेजा जाए। इसी प्रकार रिट याचिकाओं एवं न्यायालयीन पत्रों के जवाब भी समय-सीमा में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने भू-अर्जन तथा अनुभागवार राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने तहसीलवार स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए योजना के अंतर्गत पंजीयन का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, संयुक्त कलेक्टर, समस्त एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
#jansamparkMP #sagar