सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्ति, पोषण और शिक्षा का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सहभागिता से विभिन्न रचनात्मक, जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ आमजन में भी जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।
स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 27 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसी क्रम में 28 सितंबर को महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्राइवेट बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर नशामुक्ति जागरूकता विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इसी प्रकार शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय, जावद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. आर.सी. मेघवाल के मार्गदर्शन में कार्यक्रम अधिकारी रवि राठौर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र के बालक-बालिकाओं को पोषण एवं खेल सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। महाविद्यालय स्टाफ द्वारा बच्चों को पोषण, शिक्षा एवं नियमित अध्ययन के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने सेवा, जनभागीदारी, नशामुक्ति, पोषण एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
#neemuch #नीमच #सेवासंकल्पअभियान
4 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026