बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट; बीच-बचाव के बजाय वीडियो बनाता दिखा पुलिसकर्मी, जांच शुरू
मथुरा-वृंदावन: विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और वहां तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट का एक मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
दर्शन व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंदिर परिसर में दर्शन और व्यवस्था को लेकर दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और वहां तैनात निजी गार्ड्स के बीच पहले तीखी बहस हुई। देखते ही देखते बात हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गई।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
वायरल वीडियो में एक चौंकाने वाला दृश्य सामने आया है। जिस समय सुरक्षाकर्मी और श्रद्धालु आपस में भिड़ रहे थे, वहीं रेलिंग के पास मौजूद एक पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने या बीच-बचाव करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाता नज़र आ रहा है।
श्रद्धालुओं में आक्रोश, जांच के आदेश
इस घटना और स्थानीय प्रशासन व मंदिर प्रबंधन की लापरवाही को लेकर श्रद्धालुओं में भारी रोष व्याप्त है। आम भक्तों की सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न लग गया है। वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच और उचित कार्रवाई की बात कही है
Hardoi, Hardoi | Sep 25, 2026