देहरादून में बेखौफ बदमाश: सुबह-सुबह महिला के किडनैपिंग का प्रयास, नालापानी चौक की घटना से सनसनी
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नालापानी चौक इलाके में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सुबह-सुबह अपनी बेटी को कॉलेज छोड़कर लौट रही एक महिला को कार सवार बदमाशों ने जबरन खींचकर किडनैप करने का प्रयास किया। हालांकि, महिला की सूझबूझ और कड़े विरोध के चलते बदमाशों के मंसूबे नाकाम हो गए और वे मौके से फरार हो गए।
सुबह 6:30 बजे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह लगभग 6:30 बजे की है। महिला अपनी बेटी को सुरक्षित कॉलेज पहुंचाकर पैदल घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान नालापानी चौक के पास एक संदिग्ध कार आकर रुकी और उसमें सवार बदमाशों ने महिला को जबरदस्ती गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने और विरोध करने पर आसपास हलचल बढ़ता देख बदमाश तुरंत वहां से गाड़ी भगा ले गए।
CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस कर रही तलाश
इस पूरी वारदात का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय निवासियों और परिजनों के बीच दहशत का माहौल बना दिया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पुलिसिया गश्त और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है, हालांकि आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
Hardoi, Hardoi | Sep 26, 2026