#बालाघाट
कटंगी में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, कुपोषण मुक्त पंचायत का लिया संकल्प
महिला एवं बाल विकास परियोजना कटंगी द्वारा नगर पंचायत सभाकक्ष में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम कटंगी श्री विजय सिंह यादव रहे। इस दौरान तहसीलदार कटंगी श्री सांडिया, तहसीलदार तिरोड़ी श्रीमती गीता राहांगडाले, जनपद पंचायत सीईओ श्री गायत्री कुमार सारथी एवं परियोजना अधिकारी श्री पुष्पेंद्र रानाडे उपस्थित रहे।
परियोजना अधिकारी श्री रानाडे ने बताया कि 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलने वाले पोषण माह का उद्देश्य कुपोषण एवं एनीमिया की रोकथाम तथा बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री माताओं में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान पोषण वाटिका, स्वस्थ बालक स्पर्धा, एनीमिया जांच सहित विभिन्न सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
एसडीएम श्री विजय सिंह यादव ने आंगनवाड़ी केंद्रों का समय पर संचालन, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार वितरण एवं पोषण ट्रैकर में नियमित एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने तथा आयरन-फोलिक एसिड वितरण, मंगल दिवस और टीकाकरण दिवस का प्रभावी आयोजन करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विकासखंड की 8 सेक्टर पर्यवेक्षक, 208 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा 81 ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे। सभी कर्मचारियों को पोषण माह की गतिविधियों को जन आंदोलन पोर्टल पर दर्ज करने तथा अपनी पंचायत को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
#CMMadhyaPradesh #minforestmp #mp_wcdmp