BAGHPAT DESK : बागपत कलेक्ट्रेट में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के नेतृत्व में लेखपालों ने बड़ौत तहसील में तैनात तहसीलदार के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। लेखपालों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक तहसीलदार का दूसरी तहसील में तबादला नहीं होता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।
संघ के जिला अध्यक्ष मोहित तोमर ने तहसीलदार पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, जातिसूचक शब्द कहने और लेखपालों का उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि तहसीलदार व्हाट्सएप ऑडियो कॉल पर भी अभद्र व्यवहार करते हैं।
लेखपालों ने बताया कि 28 अक्टूबर तक बड़ौत तहसील में धरना दिया गया था, लेकिन मांग पूरी नहीं होने पर 12 नवंबर को सुबह 11 बजे से बागपत कलेक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
लेखपालों ने चेतावनी दी है कि यदि दो से तीन दिन में मांग पूरी नहीं हुई तो पूरे मंडल में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। फिलहाल लेखपालों की नारेबाजी के बीच धरना जारी है।
Baghpat, Bagpat | Nov 12, 2026