निर्दोषों को एफआईआर से बाहर करें, प्रदर्शन करना लोकतंत्र में सबका अधिकार है: पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत
औरंगाबाद।रफीगंज में सिकंदर खान के परिजनों से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत पासवान ने कहा कि घटना के बाद आक्रोश में लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया, तो इसको लेकर कई लोगों का नाम एफआईआर में डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग दोषी नहीं हैं, उनका नाम सुपरविजन में हटना चाहिए।
कुमार सर्वजीत ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए, साथ ही निर्दोष लोगों को बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए। जब कोई घटना होती है तो लोग आक्रोशित होते हैं, जाम और प्रदर्शन करते हैं। लोकतंत्र में प्रदर्शन का अधिकार सबको है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित देश और राज्य में प्रदर्शन पर नकेल कसने की कोशिश हो रही है, कि उनके खिलाफ कोई बोल न पाए। हम लोग मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि प्रदर्शन करने वालों पर गलत तरीके से कार्रवाई न हो।
औरंगाबाद के एसपी से भी उन्होंने अपील की कि जो दोषी नहीं है, उसे सुपरविजन में बरी किया जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें औरंगाबाद के प्रशासन और एसपी पर पूरा भरोसा है कि जिन लोगों का गलत नाम पड़ा है, उनको न्याय मिलेगा।