सरयू नदी के सीमांकन एवं अतिक्रमण हटाने के संबंध में जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
रामघाट क्षेत्र में निर्माणाधीन अवैध निर्माण / बिना नक्शा पास किए जा रहे निर्माण को रोकने हेतु विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा 2 पूर्व सैनिक तैनात किए जाएंगे- जिलाधिकारी
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने चित्रकूट-सीतापुर क्षेत्र में पूर्व में प्रवाहित सरयू नदी के क्षेत्र का निरीक्षण कर सीमांकन एवं अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि सरयू नदी क्षेत्र के सीमांकन की प्रक्रिया प्रचलित है, जिसे उत्तर प्रदेश के जनपद चित्रकूट एवं मध्य प्रदेश के जनपद सतना की संयुक्त टीम द्वारा किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सीमांकन के दौरान कुछ अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। संबंधित व्यक्तियों को निर्देशित किया जा रहा है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण न हटाए जाने की स्थिति में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नदी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कर्वी अजय यादव को निर्देश दिए कि सीमांकन की कार्यवाही के साथ-साथ स्थायी पिलर भी स्थापित कराए जाएं, ताकि नदी की भूमि की सीमा स्पष्ट रूप से निर्धारित एवं संरक्षित रह सके। साथ ही मध्य प्रदेश के सतना जनपद के संबंधित लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक को निर्देशित किया कि मध्य प्रदेश नदी क्षेत्र में भी सीमांकन की कार्यवाही कराई जाए तथा क्षेत्र में हुए नवीन निर्माणों की जांच करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके मानचित्र स्वीकृत हैं अथवा नहीं।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने फूड प्लाजा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया तथा उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि वहां स्थित सरकारी भूमि का भी नियमानुसार सीमांकन कराया जाए।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी एवं सीतापुर चौकी प्रभारी को निर्देश दिए कि दुकानदारों द्वारा दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्माणाधीन अवैध निर्माण / बिना नक्शा पास किए जा रहे नए निर्माण को रोकने हेतु चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के सम्पूर्ण क्षेत्र में 5 पूर्व सैनिकों को तैनात किया जाएगा, जिनमें से 2 पूर्व सैनिक रामघाट क्षेत्र में तैनात किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कर्वी अजय यादव, मध्य प्रदेश सतना के लेखपाल रावेन्द्र, राजस्व निरीक्षक अजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।