सीधी जिले के दुरासीन घाट में अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर रामपुर नैकिन पुलिस की त्वरित दबिश, पुलिस को देख ट्रैक्टर छोड़कर भागे तस्कर,
नवागत थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय की सक्रियता से अवैध रेत कारोबारियों में मचा हड़कंप, रास्ते में रेत गिराकर वाहन छोड़कर फरार हुए चालक।
तलाश न्यूज समाचार सीधी।
सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है। जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर रामपुर नैकिन क्षेत्र के दुरासीन घाट में अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन किए जाने की सूचना मिलने पर नवागत थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने पुलिस टीम के साथ दबिश दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि दुरासीन घाट से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टरों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पुलिस टीम को सक्रिय किया और मौके पर कार्रवाई के लिए रवाना हुए।
पुलिस की दबिश की भनक लगते ही कथित रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर चालकों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान चालक रास्ते में ही रेत गिराकर ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। पुलिस की अचानक पहुंच से अवैध कारोबार में लगे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अवैध कारोबार पर पुलिस का खौफ जरूरी
क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में पुलिस की सक्रियता और समय पर की गई कार्रवाई सराहनीय पहल है। हालांकि, केवल दबिश तक कार्रवाई सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि अवैध उत्खनन में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
नवागत थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि दुरासीन घाट सहित थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।
सवाल यही है कि आखिर प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचाकर अवैध कमाई करने वालों पर कब पूरी तरह लगाम लगेगी? ऐसे कारोबारियों में कानून का भय और पुलिस की कार्रवाई का प्रभाव लगातार बरकरार रहना चाहिए।
तलाश न्यूज समाचार सीधी — सच के साथ, सबसे पहले।