SJVN निदेशक राजेश कुमार चंदेल ने किया लूहरी परियोजना का दौरा, निर्माण कार्यों का लिया जायजा
- परियोजना प्रमुख जसवंत कपूर ने किया निदेशक का स्वागत
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। राजेश कुमार चंदेल, निदेशक (परियोजना), एसजेवीएन ने लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 का दौरा कर परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों एवं प्रगति का निरीक्षण किया। परियोजना प्रमुख जसवंत कपूर द्वारा निदेशक परियोजना का स्वागत किया गया और परियोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
दौरे के दौरान राजेश कुमार चंदेल ने परियोजना के विभिन्न घटकों का विस्तृत निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने साइट पर पटेल कंपनी के अभियंताओं से भी मुलाकात की और परियोजना के निर्माण कार्यों, प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
परियोजना में पिछले दो मानसून सत्रों के दौरान भारी मात्रा में जमा हुए मलबे को हटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। कंक्रीटिंग कार्य के लिए आवश्यक कार्यस्थल (फ्रंट) यथाशीघ्र उपलब्ध कराने हेतु हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य निर्माण कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक मशीनरी एवं जनशक्ति की तैनाती में भी तीव्रता लाई गई।
वर्तमान कार्य सत्र के दौरान बांध एवं पावर हाउस में नदी तल के स्तर तक कंक्रीटिंग कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना प्रबंधन द्वारा निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान श्री चंदेल ने परियोजना प्रबंधन एवं पूरी टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा टीम का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने परियोजना के निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए। #SJVN#incrediblesjvn
Rampur, Shimla | Sep 7, 2026