Dharchula.
आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर एसडीएम की नजर, मौसम अनुकूल हुआ तो 15 सितंबर से जारी हो सकते हैं इनर लाइन परमिट
धारचूला। आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर मौसम की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी लगातार नजर बनाए हुए हैं। लगातार खराब मौसम और मौसम विभाग के अलर्ट के चलते यात्रा संचालन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने कहा कि मौसम की परिस्थितियां अनुकूल होने पर 15 सितंबर तक संभावित रूप से इनर लाइन परमिट (ILP) जारी किए जा सकते हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि परमिट जारी करने का निर्णय पूरी तरह मौसम और यात्रा मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए लिया जाएगा। इसमें एक-दो दिन का अंतर भी संभव है।
एसडीएम ने यात्रा से जुड़े टूर ऑपरेटर्स, यात्रा संचालकों, टैक्सी संचालकों और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने-अपने यात्रा दलों को संभावित तिथि और मौसम की स्थिति के बारे में स्पष्ट रूप से अवगत कराएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लगातार मौसम विभाग के अलर्ट के बीच अब सभी की नजरें 15 सितंबर पर टिकी हैं। हालांकि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की स्थिति और प्रशासन की अनुमति को प्राथमिकता देना जरूरी होगा।
Follow please 🙏