संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पीएम एक्सीलेंस जेएच कॉलेज बैतूल के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं सांसद दुर्गादास उईके के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके द्वारा उपस्थित जनों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। इस अवसर पर संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा एवं उसके महत्व पर आधारित वीडियो क्लिप्स का प्रसारण भी किया गया। महाविद्यालय के विद्यार्थी भावना सूर्यवंशी एवं भूपेंद्र यादव ने भी संविधान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आयोजित युवा संवाद के अंतर्गत संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 नवंबर का दिन हम सभी भारतीयों के लिए गौरव और ऐतिहासिक महत्व का दिन है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। भारतीय संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान अतुलनीय एवं अविस्मरणीय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, उद्यमियों और समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को खूब पढ़ना चाहिए, नई तकनीकों को सीखना चाहिए और नवाचार के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने हिस्से का कार्य पूरी कर्तव्यनिष्ठा से करे, तो विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्री नितेश वायकर, द्वितीय स्थान सुश्री नमिता धोटे तथा तृतीय स्थान सुश्री इस्तमा फातिमा ने प्राप्त किया। इसी प्रकार पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुश्री दृष्टि उघड़े, द्वितीय स्थान सुश्री अनुष्का पंडोले तथा तृतीय स्थान पुनः सुश्री दृष्टि उघड़े ने प्राप्त किया। अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।