मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर गया पुलिस अलर्ट, परीक्षा केंद्रों का किया गया सघन निरीक्षण
गया जिले में बिहार पुलिस मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक, गया ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या कदाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए सघन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।
गया पुलिस ने दावा किया है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों की सक्रियता से अभ्यर्थियों और अभिभावकों में भी भरोसा बढ़ा है कि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न होगी।